ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी में वारदात; खून से लथपथ हालत में कमरे में मिला सुपरवाइजर
गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गार्मेंट फैक्टरी में सोमवार दोपहर एक सुपरवाइजर की कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात से फैक्टरी में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय अनवेश उर्फ अवनेश पुत्र रामकिशन सक्सेना के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रामपुर-मुरादाबाद क्षेत्र के गांव करेथी के रहने वाले थे और वर्तमान में लोनी की पुष्प गार्डन सोम बाजार कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अनवेश ने अपने भाई राजेश के साथ खाना खाया था। खाना खाने के बाद दोनों भाई फैक्टरी की निचली मंजिल पर कुछ देर आराम करने लगे। इसके बाद राजेश फैक्टरी की ऊपरी मंजिल पर चले गए, जबकि अनवेश नीचे स्थित एक कमरे में आराम करने लगे।
इसी दौरान फैक्टरी में सिलाई का काम करने वाला कारीगर सर्वेश कथित तौर पर अनवेश के कमरे में पहुंचा। कुछ देर बाद फैक्टरी के अन्य कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो अनवेश खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही उनके भाई राजेश मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
परिजन घायल अवस्था में अनवेश को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि घटना के करीब 40 मिनट बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
फैक्टरी का काम संभालते थे अनवेश: मृतक के भाई राजेश ने बताया कि वह भी अपने भाई के साथ फैक्टरी में काम करते हैं। फैक्टरी मालिक ने काम की जिम्मेदारी अनवेश को सौंप रखी थी। अनवेश फैक्टरी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में उनकी पत्नी कुसुम और तीन बेटे शिवम, प्रिंस व विनीत हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ ट्रॉनिका सिटी थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व रंजिश में हत्या का आरोप: लोनी के एसीपी रामकिशन ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र स्थित कुनाल एंटरप्राइजेज में एक व्यक्ति की लाश पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर ट्रॉनिका सिटी और लोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि मृतक उसी फैक्टरी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था। एसीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी में दर्जी का काम करने वाले सर्वेश ने कथित तौर पर पूर्व रंजिश के चलते सुपरवाइजर की हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई थी और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर घटना के कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फैक्टरी में मचा हड़कंप: दिनदहाड़े फैक्टरी के अंदर हुई हत्या की सूचना फैलते ही औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी और मृतक के बीच पूर्व में हुए विवाद तथा रंजिश के कारणों की भी जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद

