बिक्री के 1,210 रुपये भी बरामद, कोट गांव का रहने वाला है आरोपी
गाजियाबाद। थाना कोतवाली नगर पुलिस एवं स्वाट टीम नगर जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 किलो 300 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री के 1,210 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय के अनुसार, बुधवार को संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यू कोट गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू गुप्ता (42) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.3 किलो अवैध गांजा, बिक्री के 1,210 रुपये तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से गांजे की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाता है। उसने बताया कि वह गांजा बेचने के उद्देश्य से आया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। एसीपी का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags
गाजियाबाद
