जीडीए वीसी ने बोर्ड बैठक से पहले लेआउट प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम योजना को गति देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में जीडीए उपाध्यक्ष नन्दकिशोर कलाल की अध्यक्षता में मंगलवार 4 अगस्त को प्राधिकरण सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रथम चरण के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष ने हरनंदीपुरम योजना के लिए प्रस्तावित भू-उपयोग परिवर्तन (Land Use Change) और प्रथम चरण के लेआउट अनुमोदन प्रस्ताव की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित समिति को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर आगामी प्रस्तावित बोर्ड बैठक से पहले अंतिम प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित सभी अभिलेखों, तकनीकी परीक्षण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि समिति अपना अंतिम अभिमत जल्द प्रस्तुत करे, जिससे बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को रखा जा सके। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण के विकास कार्यों को तेजी से शुरू करने की तैयारी पूरी रखी जाए।
नियोजित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम: जीडीए अधिकारियों के अनुसार, हरनंदीपुरम योजना का उद्देश्य शहर के विकास को नई दिशा देना और लोगों को बेहतर, नियोजित एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। योजना के प्रथम चरण का विकास शुरू होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सचिव, अपर सचिव, विशेष कार्याधिकारी (प्रथम), प्रभारी मुख्य अभियंता, प्रभारी मुख्य नगर नियोजक, नगर नियोजक, सहायक अभियंता (मास्टर प्लान जोन-1), तहसीलदार (जीडीए) तथा सहायक नगर नियोजक सहित प्राधिकरण के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य हरनंदीपुरम योजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना रहा, ताकि योजना के प्रथम चरण का विकास कार्य जल्द शुरू किया जा सके और आमजन को आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।