निहाल विहार पुलिस ने 300 रोल के साथ आरोपी दबोचा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के थाना निहाल विहार क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 रोल प्रतिबंधित प्लास्टिक/नायलॉन मांझा बरामद किया है। आरोपी कथित तौर पर दिल्ली-एनसीआर में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार, थाना निहाल विहार में बुधवार 5 अगस्त को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई पीपुल फाॅर एनीमल (पीएफए) के एनिमल वेलफेयर अधिकारी गौरव गुप्ता की सूचना के आधार पर की गई। दरअसल, गौरव गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी थी कि राहुल नाम का व्यक्ति प्रतिबंधित नायलॉन/चाइनीज मांझे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर गौरव गुप्ता ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जहां उसने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने उसे चंद्र विहार, निलोठी एक्सटेंशन स्थित एक मकान में बुलाया। गौरव गुप्ता ने इसकी जानकारी थाना निहाल विहार पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम और शिकायतकर्ता की टीम मौके पर पहुंची।पुलिस के मुताबिक आरोपी शिकायतकर्ता को मकान संख्या 42सी/ए, पुराना नंबर 42सी और 43सी, खसरा नंबर 33/2, चंद्र विहार, निलोठी एक्सटेंशन की चौथी मंजिल पर ले गया। वहां प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बड़ी संख्या में रोल दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान राहुल पुत्र मनोज कुमार, निवासी ए-217, हिंद विहार, प्रेम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से MONO FIGHTER ब्रांड के 240 रोल और MONO KITE ब्रांड के 60 रोल के कुल 300 रोल प्रतिबंधित चाइनीज प्लास्टिक/नायलॉन मांझा बरामद किया। पुलिस ने बरामद मांझे को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया है। पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ धारा 223(बी) बीएनएस, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित मांझे की सप्लाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के माध्यम से चल रहे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। गौरव गुप्ता ने कहा कि चाइनीज मांझा प्रतिबंधित होने के बावजूद चोरी-छिपे बेचा जाता है। यह न केवल पक्षियों और पशुओं के लिए खतरनाक है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों और आम लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो चुका है। पीपुल फाॅर एनीमल (पीएफए) लगातार ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल ही में पीएफए की छापेमारी में गाजियाबाद के लोनी में भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खेप बरामद की गई थी।