साहिबाबाद पुलिस ने चोरी की कार सहित आरोपी दबोचा, दिल्ली से चुराई थी टाटा टिगोर

बेचने की फिराक में निकला था आरोपी, लोनी की पार्किंग में छिपाकर रखी थी चोरी की कार

गाजियाबाद।
साहिबाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ट्रांस हिंडन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से करीब 10 महीने पहले चोरी की गई टाटा टिगोर कार को बेचने की फिराक में जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार बरामद कर ली है।पुलिस के मुताबिक मंगलवार को थाना साहिबाबाद पुलिस टीम और स्वाट टीम ट्रांस हिंडन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहिया पार्क के पास आराधना रोड पर एक टाटा टिगोर कार चालक पुलिस टीम को देखकर अचानक वाहन पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। 
पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया। पुलिस ने चालक से वाहन के दस्तावेज और भागने का कारण पूछा, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही वाहन से संबंधित वैध कागजात दिखा पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि यह कार उसने करीब 10 महीने पहले दिल्ली में एक क्लब के बाहर से चोरी की थी। चोरी के बाद उसने कार को लोनी स्थित अपने घर के पास एक पार्किंग में छिपाकर रखा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की कार को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शानू पुत्र मोहम्मद सलीम, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी अब्दुल रहीम मस्जिद के पास, निठौरा रोड, लोनी, गाजियाबाद, मूल निवासी ग्राम खरखौदा मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना साहिबाबाद में आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने