गाजियाबाद में अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह का भंडाफोड़: 20 हजार रुपये के इनामी समेत 4 गिरफ्तार

चोरी की 5 लग्जरी कारें, फर्जी नंबर प्लेट और वाहन चोरी के उपकरण बरामद 

गाजियाबाद।
गाजियाबाद पुलिस ने चार पहिया वाहनों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों से कार चोरी कर उनकी खरीद-फरोख्त करता था। गिरफ्तार आरोपियों में बुलंदशहर जिले से वाहन चोरी के मामले में वांछित चल रहा 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। 
इस कार्रवाई में स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।  
पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन चोरी और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत अपराध शाखा की स्वाट टीम और थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को आवास विकास आसरा-2, नवादा कट, सपना चौराहा थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र से गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। 
दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में फैला था नेटवर्क:
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलीगढ़, आगरा, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से चार पहिया वाहनों की चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की गाड़ियों को दूसरे राज्यों में बेच दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य सिंह पुत्र जगमोहन सिंह, निवासी ग्राम किशनपुर गढ़िया बेवर मैनपुरी वर्तमान पता सेक्टर सी-1, अंसल ट्रोनिका सिटी गाजियाबाद, रिकूं उर्फ सचिन उर्फ रणजीत पुत्र आशाराम निवासी ग्राम अजीत नगर इटावा वर्तमान पता सेक्टर सी-1, अंसल, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद, दिलीप उर्फ छोटू पुत्र राकेश, निवासी ग्राम गौंदई नारखी, फिरोजाबाद वर्तमान पता डी-101, मूलचंद पब्लिक स्कूल के पास, सेक्टर-44, नोएडा और जाहिद उर्फ नूरा पुत्र यामीन निवासी ग्राम महरा, गुलावठी बुलंदशहर। वर्तमान पता हुमायूं नगर लोहिया नगर मेरठ के रूप में हुई है। इनमें आरोपी जाहिद उर्फ नूरा जनपद बुलंदशहर से वाहन चोरी के मामले में वांछित चल रहा था। उस पर पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
चोरी की पांच कारें बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच चार पहिया गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें महिंद्रा स्कॉर्पियो, किया सेल्टोस, मारुति स्विफ्ट, मारुति ब्रेजा, ग्रैंड विटारा शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 
12 फर्जी नंबर प्लेट, 59 कारों की चाबियां, 7 लॉक सेट, 2 ईसीएम मशीन, इलेक्ट्रॉनिक टैब व चार्जर, प्रोग्रामिंग चिप, स्टेयरिंग लॉक और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
हाईटेक तरीके से करते थे कार चोरी:  
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आधुनिक उपकरणों की मदद से कारों के लॉक खोलकर उन्हें चोरी करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल देते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की कारों को बिहार निवासी शहजाद उर्फ सौरभ और राजस्थान निवासी अमित उर्फ बलवंत को बेचते थे। इन दोनों की तलाश की जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। आदित्य सिंह, रिकूं उर्फ सचिन और दिलीप उर्फ छोटू के खिलाफ चोरी, वाहन चोरी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जाहिद उर्फ नूरा बुलंदशहर जिले से वाहन चोरी के मामले में वांछित था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की गई अन्य गाड़ियों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने