गाजियाबाद एनडीआरएफ के जवान कासगंज में बच्चों को बना रहे काबिल

के.ए. पीजी कॉलेज में एनडीआरएफ की टीम ने विद्यार्थियों को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर
गाजियाबाद/कासगंज।
8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने जिला प्रशासन के समन्वय से के.ए. पीजी कॉलेज, कासगंज में स्कूल सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स के साथ कॉलेज के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनडीआरएफ कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने किया। टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, आकाशीय बिजली सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। भूकंप के दौरान ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन कर सुरक्षित रहने के तरीके समझाए गए।
प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर, बेसिक लाइफ सपोर्ट, प्राथमिक उपचार तथा गले में भोजन या कोई वस्तु फंसने की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, स्ट्रेचर के सही इस्तेमाल और आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के तरीके भी बताए गए।
एनडीआरएफ टीम ने कैडेट्स को आपदा से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान सुरक्षित व्यवहार और आपदा के बाद बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स ने जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया और आपातकालीन परिस्थितियों में टीम भावना, त्वरित निर्णय लेने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने के गुर सीखे।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मिथलेश कुमारी ने एनडीआरएफ के इस
जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने एनडीआरएफ टीम का आभार जताते हुए भविष्य में भी कॉलेज में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने विद्यार्थियों और कैडेट्स से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लें। 
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन और जीवनरक्षक कौशल की जानकारी को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए परिवार और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और जागरूक एनएसएस-एनसीसी कैडेट्स आपदा के समय स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की सहायता करने तथा समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने