पुलिस ने आरोपी चालक दीपू को गिरफ्तार किया, ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबा।
गाजियाबाद। जीटी रोड स्थित सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास एक पेट्रोल पंप पर रविवार रात तेज रफ्तार कार ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों समेत वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन कर्मचारी घायल हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक दीपू को पकड़ लिया है। घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि उस समय पेट्रोल पंप की मशीन के पास चार लोग खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्विफ्ट कार पेट्रोल पंप के अंदर दाखिल हुई और अनियंत्रित होकर मशीन के पास खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कर्मचारी करीब पांच फीट हवा में उछलकर जमीन पर जा गिरा। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। कार चालक कुछ देर रुके बिना मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार के तेज रफ्तार से पेट्रोल पंप में प्रवेश करने और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारने की पूरी घटना दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार चालक की पहचान की और आरोपी दीपू को पकड़ लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में घायल कर्मचारियों का उपचार कराया गया है। पुलिस कार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
Tags
गाजियाबाद