जलभराव और जर्जर सड़क से परेशान साहिबाबाद के व्यापारी, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

मुकेश कुमार सिंह और ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने सेकेंड रेलवे रोड स्थित जीडीए मार्किट में जलभराव और जर्जर सड़क  की समस्या को दूर करने की मांग उठाई

गाजियाबाद।
साहिबाबाद के वार्ड 60 के अंतर्गत सेकेंड रेलवे रोड स्थित जीडीए मार्किट में जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर-60 स्थित सेकेंड रेलवे रोड पर बारिश के दौरान भारी जलभराव हो जाता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी भरने से जीडीए मार्किट में ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों के मुताबिक क्षेत्र में जल निकासी के लिए समुचित नाले की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो जाती है।
ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सेकेंड रेलवे रोड क्षेत्र की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और गड्ढों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का इस मार्ग से लगातार आवागमन होता है, इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने नगर निगम से सड़क का निर्माण कराने और जल निकासी के लिए नाला बनवाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मुकेश कुमार चौधरी, ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, जाहिर, इकराम, यासीन, योगेश, दारा सिंह, सोनू और मेवालाल सहित अन्य लोग शामिल रहे। लोगों ने नगर निगम से समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने