निवाड़ी रोड पर देर रात चेकिंग के दौरान फायरिंग के बाद पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई, तमंचा-कारतूस और 78 हजार रुपये बरामद
गाजियाबाद। थाना मोदीनगर क्षेत्र में निवाड़ी रोड पर शुक्रवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार दो संदिग्धों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और खेतों की ओर भागते समय पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मोदीनगर एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम जैनुल बताया, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान साहिद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लिसाड़ी रोड, मेरठ के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को निवाड़ी रोड चौकी क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनने की वारदात को उन्होंने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इस वारदात से संबंधित 78 हजार रुपये, एक स्कूटी, 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मेरठ में छह से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी: प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि उनके खिलाफ मेरठ में अलग-अलग मामलों में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल की गई तथा बरामद हथियार और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया गया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आरोपियों से जुड़ी अन्य घटनाओं और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
गाजियाबाद