इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़: दो स्नैचर पैर में गोली लगने से घायल

बाइक फिसलने के बाद बदमाशों ने की फायरिंग; दोनों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद

गाजियाबाद।
थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए शुक्रवार रात चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य
 ने बताया कि 14 अगस्त की रात करीब 9 बजे पांच-छह के पुलिया के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार नहीं रुके और बाइक मोड़कर तेज गति से भागने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। बाइक गिरने के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी
पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम करण उर्फ कान्हा और शाहरुख बताए। एसीपी के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। आरोपियों ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी लगातार स्नैचिंग की घटनाएं करने की जानकारी दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इंदिरापुरम और दिल्ली-एनसीआर में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके साथ और कौन लोग जुड़े हैं।
करण पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे:
पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक सत्यापन के अनुसार, आरोपी करण उर्फ कान्हा के खिलाफ करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, दूसरे आरोपी शाहरुख के खिलाफ भी करीब छह मुकदमे स्नैचिंग और चोरी से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन कर रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक पीली धातु का टुकड़ा और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक भी बरामद की गई है। घायल दोनों आरोपियों को पुलिस ने तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। पुलिस टीम अब बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूर्व में हुई स्नैचिंग की घटनाओं से उनका संबंध खंगाल रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने