पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से रैली को दिखाई हरी झंडी, नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया संदेश
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “आजादी का जश्न—नारी शक्ति के संग” संकल्प के साथ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भव्य ‘मिशन शक्ति स्कूटी रैली’ का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ पुलिस आयुक्तजे. रविन्द्र गौड ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली का उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। रैली में महिला पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला पुलिसकर्मियों की स्कूटी रैली गाजियाबाद नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से आम नागरिकों के बीच “सुरक्षित नारी—सुरक्षित समाज” का संदेश पहुंचाया गया। रैली के दौरान मार्गों पर मौजूद नागरिकों ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। महिला पुलिसकर्मियों की यह रैली नारी सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संदेश का प्रभावी माध्यम बनी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मिशन शक्ति स्कूटी रैली के प्रमुख उद्देश्यों में समाज में नारी सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना, महिलाओं के सम्मान की भावना को मजबूत करना और नारी स्वावलंबन को प्रोत्साहित करना शामिल रहा। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से रैली के माध्यम से “सशक्त नारी—सशक्त समाज—सशक्त भारत” के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही महिलाओं के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। रैली के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि महिला पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
मिशन शक्ति अभियान: मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान है। इसके तहत समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अभियान के अंतर्गत महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 112 के प्रति जागरूक करने, स्कूल-कॉलेजों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने तथा महिला पुलिस की पेट्रोलिंग को मजबूत करने जैसे प्रयास किए जाते हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित मिशन शक्ति स्कूटी रैली भी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी रही, जिसके जरिए महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश गाजियाबाद के नागरिकों तक पहुंचाया गया।
Tags
गाजियाबाद
