रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं को रेखा सकार ने दिया लक्ष्मी योजना का तोहफा

दिल्ली लक्ष्मी योजना की 2500 रुपये की पहली किश्त जारी, तालकटोरा स्टेडियम में सीएम ने बांटे लाभार्थी पत्र  

नई दिल्ली।
रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले दिल्ली की महिलाओं को बड़ा तोहफा मिला है। दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए अपने वादे को पूरा करते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ कर दिया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। योजना की पहली किस्त आगामी 1 सितंबर से लाभार्थियों के खातों में पहुंचने की बात कही गई है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं को आधिकारिक स्वीकृति पत्र प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अगस्त से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 9 लाख से अधिक महिलाएं पंजीकरण करा चुकी हैं। 
प्रथम चरण में लाभार्थियों को सौंपे गए स्वीकृति पत्र: 
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार को इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चुनाव के दौरान किया गया वादा पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 2500 लाभार्थी महिलाओं को स्वीकृति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, बैंक खाते और CBDC वॉलेट से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को पहली किस्त की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य, भविष्य की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें। 
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: 
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने योजना की शुरुआत को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्ली की महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई और अब लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान करने के साथ इसके क्रियान्वयन का पहला चरण शुरू हो गया है।
लाभार्थी महिलाओं में खुशी और उत्साह: 
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं में भारी खुशी और उत्साह देखा गया। स्वीकृति पत्र लेने पहुंची कल्पना ने बताया कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने के बाद से ही वह इस योजना के लागू होने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा कि स्वीकृति पत्र मिलने के बाद उन्हें उम्मीद है कि 1 सितंबर से सहायता राशि उनके खाते में पहुंचने लगेगी। वह इस राशि का उपयोग बचत के रूप में करना चाहती हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सके। वहीं, अस्पताल में साफ-सफाई का काम करने वाली पार्वती ने बताया कि वह प्रेम नगर से तालकटोरा स्टेडियम पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता दिए जाने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च में किया जाएगा। एक अन्य लाभार्थी रेखा ने कहा कि एक गृहिणी के लिए नियमित बचत करना काफी मुश्किल होता है। अब सरकार से मिलने वाली सहायता राशि को बचत खाते में जमा कर भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। रक्षाबंधन से पहले दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना से लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने