चोरी की बाइक के साथ दबोचा गया 8 मुकदमों वाला शातिर स्नैचर

नशे के शौक के लिए करता था चोरी और स्नैचिंग, ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने दबोचा

गाजियाबाद।
थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी ने पूछताछ में अपने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की कई घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 26 अगस्त को थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-डी-7 क्षेत्र से आरोपी इरफान अली उर्फ आतंक, निवासी नियर रज मस्जिद, पूर्वी मुस्तफाबाद, लोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया। उसका मूल निवास ग्राम सराय नगला, थाना बड़ौत, जनपद बागपत बताया गया है। आरोपी के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना लोनी में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत चोरी का मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर थाना ट्रॉनिका सिटी में धारा 317(2) बीएनएस के अंतर्गत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी इरफान ने बताया कि उसने अपने साथी अनीश उर्फ धप्पो के साथ मिलकर इकराम नगर, लोनी क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी के अनुसार, दोनों नशे के आदी हैं और अपने शौक एवं खर्चे पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि छीने गए मोबाइल फोन राह चलते लोगों को बेच दिए जाते थे। उसने कुछ दिन पूर्व पीली बिल्डिंग (आरएमएस बिल्डिंग) के पास एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनने की घटना में भी अपने साथी अनीश के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, छीना गया मोबाइल फोन अभी वांछित आरोपी अनीश उर्फ धप्पो के पास है। 
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान अली के विरुद्ध पूर्व में स्नैचिंग, मोटरसाइकिल चोरी, घर में चोरी, चोरी का सामान बरामद होने, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने वांछित आरोपी अनीश उर्फ धप्पो, निवासी पूर्वी मुस्तफाबाद, लोनी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने