गौकशी और गौ-तस्करी पर पुलिस की पैनी नजर, 131 संदिग्धों का किया गया भौतिक सत्यापन
गाजियाबाद। ग्रामीण जोन में गौकशी, गौ-तस्करी और अवैध पशु परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के निर्देशन में सोमवार को व्यापक एवं सघन सत्यापन और चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ग्रामीण जोन के सभी थाना क्षेत्रों में गौकशी एवं गौ-तस्करी के पूर्व अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और चिह्नित गिरोहों के सदस्यों का भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने बताया कि मंगलवार 25 अगस्त 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों, गौकशी एवं गौ-तस्करी के हॉटस्पॉट, पूर्व अपराधियों के ठिकानों और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर एक साथ चेकिंग एवं छापेमारी की। अभियान के दौरान चिह्नित आरोपियों को संबंधित थानों में बुलाकर गहन पूछताछ भी की गई। पुलिस ने पूर्व में गौकशी, गौ-तस्करी, अवैध पशु कटान तथा पशु क्रूरता अधिनियम के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों और चिह्नित गिरोहों के सदस्यों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई। उनके निवास स्थान, रोजगार और वर्तमान गतिविधियों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही, संबंधित अपराधियों के डोजियर भी तैयार किए गए।
ग्रामीण जोन में 131 लोगों का सत्यापन: अभियान के दौरान विभिन्न थानों द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के तहत थाना मसूरी में 14, थाना मुरादनगर में 40, थाना मोदीनगर में 00, थाना भोजपुर में 23, थाना निवाड़ी में 07, थाना लोनी में 27, थाना ट्रॉनिका सिटी में 09, थाना लोनी बॉर्डर में 04, थाना अंकुर विहार में 07 का सत्यापन किया गया। इस प्रकार कुल भौतिक सत्यापन 131 किए गए। अभियान के दौरान बीट पुलिसिंग और सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया। बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्रों में गौकशी और गौ-तस्करी से जुड़ी हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर सतर्क नजर रखने तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों और ग्राम सुरक्षा समितियों से भी संवाद स्थापित किया।
लोगों से अपील की गई कि गौ-तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण जोन में गौकशी, गौ-तस्करी या किसी भी प्रकार के अवैध पशु परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले तस्करों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद