कौशाम्बी पुलिस ने दो वाहन चोरों को दबोचा, पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

गाजियाबाद।
थाना कौशाम्बी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में तीन मोटरसाइकिल और दो स्कूटी शामिल हैं। पुलिस जांच में इन वाहनों के दिल्ली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना कौशाम्बी पुलिस टीम उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सम्राट होटल, कौशाम्बी के पास पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान लखन (26) पुत्र अनिल कुमार, निवासी मयूर विहार फेस-1, दिल्ली तथा मूल निवासी ग्राम करनपुर, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ और अनुराग शर्मा उर्फ गोलू (24) पुत्र सुखदेव, निवासी सोनिया विहार, दिल्ली तथा मूल निवासी ग्राम दादर, थाना अलवर कोतवाली, जनपद अलवर, राजस्थान के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली के विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में ग्राहकों की तलाश कर बेच देते थे। 
वाहन तुरंत नहीं बिकने पर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर खड़ा कर दिया जाता था। इसके बाद ग्राहक मिलने पर वाहन बेच दिया जाता था। वाहन नहीं बिकने की स्थिति में उसके पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेचने की बात भी आरोपियों ने बताई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सीमांत विहार, कौशाम्बी में नर्सरी के पीछे सुनसान स्थान से दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद कीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। सभी वाहनों को जिपनेट के माध्यम से चेक करने पर उनके दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना कौशाम्बी में धारा 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने