गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर वाले होर्डिंग और बोर्डों पर काला चश्मा लगाए जाने तथा आपत्तिजनक नारा लिखे जाने का मामला सामने आया है। पोस्टर के ऊपर सबको गाली सबका अपमान, समाजवादी पार्टी की पहचान जैसे शब्द लिखे गए। इसके अलावा सपा प्रमुख के बयानों और विभिन्न विवादों का जिक्र करते हुए उन्हें सीधे निशाने पर लिया गया। बुधवार सुबह इन पोस्टरों की तस्वीरें सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टरों को हटवा दिया गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पोस्टर किसने लगवाए थे। नगर निगम और पुलिस ने कई स्थानों से विवादित बोर्ड हटवा दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चश्मा लगाने वालों की पहचान करने में जुटी है।
पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर लगाकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा गया है। साहिबाबाद, श्याम पार्क, मोहन नगर, वसुंधरा, इंदिरापुरम, लोनी रोड और सिहानी गेट सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे समाजवादी पार्टी के बोर्डों पर अखिलेश यादव की तस्वीर वाले होर्डिंग लगाए गए थे। इन होर्डिंगों पर किसी ने काला चश्मा लगा दिया और उस पर "सबको गाली, सबका अपमान, यही समाजवादी की पहचान" लिखा गया। पोस्टरों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को लेकर दिए गए बयान का भी जिक्र किया गया है। इसमें जयंत चौधरी को चवन्नी बताए जाने की बात लिखी गई है। इसके साथ ही ब्राह्मण और वैश्य समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और स्वर्ण जाति के लिए अपशब्द लिखे जाने का भी दावा किया गया है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद जिले में पोस्टर वार शुरू हो गया है।
सुबह राहगीरों की नजर इन बोर्डों पर पड़ी तो कई लोग रुककर फोटो और वीडियो बनाने लगे। इसके बाद तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम और पुलिस की टीम सक्रिय हुई तथा कई स्थानों से विवादित बोर्ड हटवाए गए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
सपा महानगर अध्यक्ष ने की निंदा: समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल भाजपा के इशारे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ अभद्र, अलोकतांत्रिक और जातिवादी टिप्पणी की गई है। उन्होंने इसे राजनीतिक विरोध की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। वीरेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की लोकप्रियता से भयभीत है, इसलिए ऐसी हरकतें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव की नीतियों की वाहक है तथा पार्टी ने हमेशा सभी जातियों, वर्गों और धर्मों को सम्मान देने की बात की है।
सरकार पर भी साधा निशाना: सपा महानगर अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आर्थिक स्थिति, व्यापारियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ अपराध तथा दलितों, पिछड़ों, शोषितों और अल्पसंख्यकों के साथ कथित अन्याय जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इन समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, न कि विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक प्रचार को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन ने पोस्टर लगाए जाने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है और इसी वजह से इस तरह की घटिया हरकतें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तरह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद