एसीपी उपासना पाण्डेय की मौजूदगी में मिशन शक्ति टीम ने विजयनगर में छात्राओं को किया जागरूक

गाजियाबाद।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में थाना विजयनगर पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों और पुलिस की सहायता लेने के तरीकों के प्रति जागरूक किया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता और जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परेशानी का सामना होने पर घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या विपरीत परिस्थिति को छिपाने के बजाय इसकी जानकारी तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। टीम ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और सहायता तंत्र की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के अधिकारों पर भी विशेष जोर दिया गया। मिशन शक्ति टीम ने कहा कि जागरूकता और आत्मविश्वास महिलाओं को किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने में मदद करता है। छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास की अन्य महिलाओं और छात्राओं को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
एसीपी उपासना पाण्डेय ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस उनकी सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने