कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें और धुएं का गुबार, कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर वाहनों के फिल्टर बनाने वाली फैक्टरी ‘जिप फिल्टर्स’ (अरुण एसोसिएट्स) में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर बने तीन शेड आग की चपेट में आ गए। ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। भीषण आग के कारण आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलती देख लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बताया गया कि आग लगने के बाद फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग तेजी से फैलती चली गई और कर्मचारियों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, दमकल विभाग को दोपहर करीब 12:36 बजे फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से 22-22 हजार लीटर क्षमता वाले दो वॉटर ब्राउजर, खेकड़ा फायर स्टेशन से 5 हजार लीटर क्षमता का एक फायर टेंडर तथा सहरसा से 5-5 हजार लीटर क्षमता वाले दो वॉटर टेंडर मौके पर भेजे गए। कुल आठ फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने का अभियान चलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत की। टीमों ने आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने के साथ ही आग की लपटों पर पानी की बौछार की। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी के आसपास बड़ी संख्या में अन्य इकाइयां मौजूद हैं। ऐसे में यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं की जाती तो यह आसपास की फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। बताया गया है कि फैक्टरी दिल्ली के मॉडल टाउन निवासी अंकित गुप्ता की है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की ओर से आग के कारणों की जांच की जा रही है। आग से फैक्टरी में मशीनरी, तैयार माल और अन्य सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं किया गया है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों के साथ-साथ हुए नुकसान का भी पता लगाने में जुटे हैं।
Tags
गाजियाबाद