नोएडा में कामिनी की जुलाई में शादी, अगस्त में मौत

16वीं मंजिल से गिरकर नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

नोएडा।
सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम एक नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। कामिनी की शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को मंथन धीमान के साथ हुई थी। घटना के बाद मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी डिवाइन मीडोज सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कामिनी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कामिनी अपने पति मंथन के साथ फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी।
बताया गया है कि मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के रूप में काम करता है। कामिनी और मंथन की करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद संबंध बने और वे कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। करीब एक महीने पहले दोनों ने परिजनों की सहमति से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मंथन ने बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज चल रहा था। वह पहले बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे और उन्होंने पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य भी जुटाए हैं।
सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर राम जी अग्निहोत्री ने बताया कि कामिनी और मंथन पिछले करीब दो वर्षों से सोसाइटी में रह रहे थे और दोनों के परिवारों का भी यहां नियमित आना-जाना था। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले दोनों की शादी हुई थी। घटना के बाद से सोसाइटी में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में दहेज उत्पीड़न के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने