वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और ज्ञान की अमूल्य धरोहर: मानसिंह गोस्वामी
बुजुर्गों का सम्मान करना ही सच्ची ईश्वर भक्ति : पं. आरडी शर्मा
गाजियाबाद। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ एवं मेरी आवाज सुनो फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सेक्टर-5, राजेंद्र नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके अनुभव, योगदान और सामाजिक भूमिका को सराहा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आरडी शर्मा ने कहा कि जिस समाज में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां संस्कार, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की जड़ें मजबूत रहती हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करे, तो देश में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि "बुजुर्गों का सम्मान करना ही भगवान की सच्ची पूजा है। व्यक्ति चाहे कितनी भी तीर्थ यात्राएं कर ले या कितने भी गुरु बना ले, यदि वह अपने माता-पिता और बड़ों का सम्मान नहीं करता तो उसका सब कुछ व्यर्थ है।" उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी लोग अपने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करने का संकल्प लें और नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और ज्ञान की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने वाला बताते हुए भविष्य में भी अधिक से अधिक कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरेश कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब नई पीढ़ी अपने बुजुर्गों के अनुभवों का सम्मान करे और उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़े।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। समारोह में सुभाष गुप्ता, अनिल गर्ग, रामशरण शर्मा (एडवोकेट), राजीव गुर्जर, राजीव शर्मा, कपिल मित्तल, अनुप खन्ना, आशुतोष शर्मा, तरुण शर्मा, मास्टर सुनील शर्मा, अशोक पांडे, प्रेम सक्सेना, सतबीर शर्मा, प्रियंका चमोला, अर्चना शर्मा, विभा पांडे, सीमा सिंह, आशा मित्तल सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।
Tags
गाजियाबाद