कांवड़ यात्रा के सकुशल समापन पर थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी का सम्मान

सरदार सिंह भाटी ने कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शालीमार गार्डन एसएचओ की प्रशंसा की

गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में कावड़ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुगम एवं हर्षोल्लासपूर्ण समापन पर पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए पूर्व डिप्टी मेयर एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सरदार सिंह भाटी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्हें पटका पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान पूर्व डिप्टी मेयर एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सरदार सिंह भाटी, पार्षद कालीचरण पहलवान, एडवोकेट राजेश सिंह और विजय चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कावड़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की प्रशंसा की।
सरदार सिंह भाटी ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी गंभीरता से संभाला। पुलिस टीम ने यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी स्वयं पुलिस बल के साथ दिन-रात मौके पर डटे रहे, जिसके चलते यात्रा के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होने दिया गया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसके बावजूद थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने धैर्य, तत्परता और बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। पुलिस की सक्रियता के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण वातावरण में कावड़ यात्रा पूरी की।
थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी ने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास हमेशा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना है।
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भविष्य में भी पुलिस और जनता के बीच इसी प्रकार बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कावड़ यात्रा के शांतिपूर्ण समापन पर पुलिस प्रशासन और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। बता दें कि शालीमार गार्डन क्षेत्र में कई कांवड़ शिविर लगे थे जिनमें पुलिस ने नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया, साथ ही कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में पूरा योगदान दिया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने