गाजियाबाद में एनडीआरएफ ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

एनडीआरएफ जवानों ने साइकिल-बाइक रैली से दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

गाजियाबाद।
देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य साइकिल-बाइक रैली निकाली गई। कमांडेंट सुदेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित रैली में एनडीआरएफ के अधिकारी और जवान पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ शामिल हुए। तिरंगे से सुसज्जित साइकिलों और बाइकों पर सवार जवानों ने क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।
रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ और ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। जवानों ने आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कमांडेंट सुदेश कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक से हुआ। इसके बाद रैली केंद्रीय विद्यालय, शिव मंदिर और हरसांव होते हुए वापस वाहिनी मुख्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
एनडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना था। रैली के माध्यम से एनडीआरएफ ने ‘सेवा, सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति’ के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने