पांडवनगर की झाड़ू कवर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग, माल खाक

आग के दौरान भरभराकर गिरा टीन शेड, बाल-बाल बचे दमकलकर्मी

गाजियाबाद।
कविनगर निवासी प्रशांत अग्रवाल की इंडस्ट्रियल एरिया पांडवनगर स्थित प्राइड इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में झाड़ू के कवर समेत अन्य सामान बनाया जाता है। आग की सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से एफएसओ चार दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद आग तेजी से फैल रही थी। इसी दौरान फैक्ट्री भवन के प्रथम तल के ऊपर बना टीन शेड आग की चपेट में आने के बाद अचानक नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय दमकलकर्मी उसकी चपेट में नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया।
दमकल टीम ने आग पर काबू पाने के लिए पानी के साथ केमिकल फोम का भी इस्तेमाल किया। आग लगने के बाद फैक्ट्री में मौजूद तीन-चार कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने दमकल कर्मियों को बताया कि अंदर अब कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है। इसके बाद दमकल कर्मियों ने बिना किसी जनहानि के काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझने से टली बड़ी घटना:
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फैक्ट्री मालिक से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई है। उन्होंने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
मशीनें और कच्चा माल जला: आग से फैक्ट्री के निचले हिस्से के आधे से अधिक भाग को नुकसान पहुंचा है। कई मशीनें आग की चपेट में आ गईं, जबकि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल भी जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बारिश के मौसम के कारण तापमान कम होने से आग के तेजी से फैलने की संभावना कुछ कम रही, जिससे दमकल टीम को आग पर नियंत्रण पाने में मदद मिली।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने