सुपरवाइजर हत्याकांड: युवती से दोस्ती की जिद और बेइज्जती के बदले ने कारीगर को बनाया कातिल

आरोपी बोला- युवती से मेलजोल बढ़ाने पर डांटता था अनवेश इसलिए कैंची से की हत्या

गाजियाबाद।
लोनी के ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गारमेंट फैक्टरी में सुपरवाइजर अनवेश की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कारीगर सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की वजह फैक्टरी में काम करने वाली एक युवती से दोस्ती को लेकर सुपरवाइजर द्वारा की जाने वाली कथित बेइज्जती और विरोध को बताया है।
एटा का रहने वाला है आरोपी: एसीपी लोनी राम किशन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से जनपद एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के ग्राम बरौली निवासी सर्वेश के रूप में हुई है। वर्तमान में वह पूजा कॉलोनी में रह रहा था। आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से उसी गारमेंट फैक्टरी में कारीगर के तौर पर काम कर रहा था, जहां अनवेश सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। पुलिस के मुताबिक, फैक्टरी में काम करने वाली एक युवती से सर्वेश दोस्ती बढ़ाना चाहता था। अनवेश ने दोनों को कई बार साथ देखा था। आरोप है कि अनवेश ने सर्वेश को युवती से मेलजोल को लेकर डांटा और उसके सामने कई बार उसकी बेइज्जती की। इसके बाद सर्वेश के मन में अनवेश के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते उसने सुपरवाइजर की हत्या की साजिश रची।
कमरे में सोते समय किया हमला:  
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंगलवार को उसने अनवेश को कटिंग सेक्शन के कमरे में जाते देखा। वह कथित तौर पर हत्या के इरादे से उसके कमरे में पहुंचा, लेकिन उस समय अनवेश का बड़ा भाई भी वहां मौजूद था। भाई को देखकर वह वापस लौट गया। पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद जब अनवेश का भाई कमरे से चला गया तो सर्वेश दोबारा वहां पहुंचा। उस समय अनवेश कमरे में सो रहा था। आरोप है कि सर्वेश ने कैंची से उसके सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले के दौरान आरोपी के हाथ की एक उंगली भी कट गई। हमले के बाद आरोपी वहां से निकल गया और फैक्टरी के गार्ड को बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची बरामद कर ली।
सोते हुए सुपरवाइजर पर हुआ था हमला: 
गौरतलब है कि लोनी के ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित आई-28 गारमेंट फैक्टरी में सोमवार दोपहर सुपरवाइजर अनवेश पर उस समय कैंची से हमला किया गया था, जब वह कमरे में सो रहा था। गंभीर रूप से घायल अनवेश की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सर्वेश पर पुलिस का शक गहराया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस अब आरोपी के बयान, बरामद कैंची और अन्य साक्ष्यों को मामले की जांच में शामिल कर रही है। साथ ही हत्या की पूरी परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने