निवेश वाले ठग...दिल्ली पुलिस ने पैन-इंडिया साइबर इन्वेस्टमेंट फ्रॉड सिंडिकेट का किया पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

34 एनसीआरपी शिकायतों से जुड़े मिले बैंक खाते, 15.71 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एक बड़े पैन-इंडिया साइबर इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और म्यूल अकाउंट सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए देश के अलग-अलग राज्यों से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर पुलिस की जांच में इस नेटवर्क के तार दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और पंजाब तक जुड़े पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों का कनेक्शन नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज 34 शिकायतों से मिला है। इन शिकायतों में 15 करोड़ 71 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध फर्जी लेन-देन का पता चला है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली में दर्ज सात साइबर फ्रॉड मामलों में भी इसी नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। इन मामलों में करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए बनाते थे शिकार: मामले का खुलासा पालम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के बाद हुआ। पीड़ित को व्हाट्सऐप पर ऐसे ग्रुप में जोड़ा गया था, जिन्हें इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग सीखने के प्लेटफॉर्म के तौर पर पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को मार्केट एनालिस्ट और इन्वेस्टमेंट एक्सपर्ट बताते थे। फर्जी ट्रेडिंग सेशन, कथित सफलता की कहानियां और मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता गया। इसके बाद उसे एक फर्जी ट्रेडिंग एप्लीकेशन के जरिए निवेश करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 4 लाख 82 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में आरोपियों ने उसे कुछ रकम निकालने की अनुमति भी दी, जिससे उसे ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के वास्तविक होने का विश्वास हो गया। बाद में आरोपियों ने आईपीओ अलॉटमेंट के नाम पर करीब 7 लाख 81 हजार रुपये और जमा करने को कहा। शक होने पर पीड़ित ने एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई।
बैंक खातों और डिजिटल सबूतों से खुली परतें: शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने पैसों के ट्रेल, बैंक खातों, ट्रांजैक्शन डिटेल, मोबाइल डेटा और व्हाट्सऐप चैट की गहन जांच की। इसी दौरान पुलिस को महाराष्ट्र के नंदुरबार तक नेटवर्क के तार मिले। पुलिस ने वहां से शोएब दिलावर सैय्यद को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई अहम व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है।
'ब्रदरहुड' ग्रुप में शेयर होती थी बैंक खातों की जानकारी: जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी चार अन्य लोगों के साथ केरल गया था। वहां कथित बिजनेस फर्मों के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाए गए। आरोपी 'ब्रदरहुड' नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, इसी ग्रुप में बैंक खातों और लेन-देन से संबंधित जानकारियां साझा की जाती थीं।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस टीम गुजरात पहुंची, जहां से शेख आर. इम्तियाज, कमालशाह कादरशाह, सिद्दीकी एम. मुफीदभाई और हमजा हुमायू को गिरफ्तार किया गया।
केरल और पंजाब तक फैला नेटवर्क: पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पैसों के बदले अपने करंट अकाउंट उपलब्ध कराए थे। बाद में उन्हें केरल ले जाकर कथित फर्जी बिजनेस एंटिटी और म्यूल करंट अकाउंट तैयार किए गए। केरल से मुजम्मिल थैब और जमालुद्दीन फैसल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि मुजम्मिल बैंक अकाउंट होल्डर्स से संपर्क करने, उनके रहने की व्यवस्था करने और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए बैंक डिटेल तथा ओटीपी साझा करने में शामिल था। वहीं, जमालुद्दीन पर कथित फर्जी बिजनेस एंटिटी तैयार कराने और बैंक खाते खुलवाने में मदद करने का आरोप है। पैसों के ट्रेल की जांच करते हुए पुलिस पंजाब तक पहुंची, जहां से सरबजीत सिंह और सोनिया शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
दुबई से नेटवर्क संचालित करने का आरोप: जांच के दौरान नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, जमालुद्दीन फैसल ने कतर में रहने के दौरान नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क में होने की जानकारी दी है।
वहीं, 'सैम' नाम का एक संदिग्ध मुख्य कोऑर्डिनेटर कथित तौर पर दुबई से नेटवर्क की गतिविधियां संचालित कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, रिया, सैम, फरहाज और एक बैंक कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
फर्जी ट्रेडिंग एप पर दिखाते थे बढ़ता मुनाफा: पुलिस के अनुसार, साइबर ठग पहले व्हाट्सऐप पर निवेश से जुड़े ग्रुप बनाते थे। इन ग्रुपों में लोगों को कथित 'एक्सक्लूसिव इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टमेंट प्रोग्राम' में निवेश का झांसा दिया जाता था। इसके बाद पीड़ित को फर्जी ट्रेडिंग एप पर निवेश और बढ़ते मुनाफे का आंकड़ा दिखाया जाता था। जब पीड़ित अपनी रकम निकालने की कोशिश करता तो टैक्स, ब्रोकरेज, आईपीओ अलॉटमेंट, अकाउंट वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग फीस या मार्जिन के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह पीड़ित से लगातार पैसे ऐंठे जाते थे। ठगी की रकम को कई म्यूल अकाउंट और कथित शेल फर्मों के करंट अकाउंट के जरिए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता था, ताकि रकम के वास्तविक स्रोत और गंतव्य को छिपाया जा सके।
आठ मोबाइल फोन समेत डिजिटल साक्ष्य बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें व्हाट्सऐप चैट, बैंकिंग रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेज, अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, डिजिटल क्रेडेंशियल और ट्रांजैक्शन से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा मिलने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में दिल्ली के सात अलग-अलग साइबर फ्रॉड केस इस नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं, जिनमें करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपये की ठगी सामने आई है। वहीं, पूरे नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों का संबंध एनसीआरपी की 34 शिकायतों से मिला है और इनमें 15 करोड़ 71 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध फर्जी लेन-देन का पता चला है। फिलहाल दिल्ली पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों, बैंक खातों और विदेश में बैठे कथित ऑपरेटरों की भूमिका की जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने