चोरी की स्कूटी व तमंचा-कारतूस बरामद, फरार साथी की तलाश तेज
गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने बीती रात हमीद चैराहे के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में मोबाइल लूट की घटनाओं में शामिल एक शातिर आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा-कारतूस और चोरी की स्कूटी के अलावा लूटे गए सात मोबाइल फोन बरामद हुए। मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।एसीपी जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, सिहानी गेट थाना पुलिस टीम हमीद चैराहे के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाश चोरी की स्कूटी से चैराहे की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चैराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद स्कूटी पर सवार दोनों बदमाश आए मगर पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उनकी स्कूटी फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम शाहरुख उर्फ शारूख पुत्र आदिल मलिक निवासी मोती मस्जिद के पीछे कैला भट्टा गाजियाबाद बताया। फरार साथी की पहचान समीर पुत्र शहजाद निवासी मिर्जापुर विजयनगर गाजियाबाद के रूप में हुई है। एसीपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी समीर के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल लूट की वारदातें करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर सात मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस के अनुसार अलग-अलग स्थानों से लूटा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले लोनी गेट थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी पुराना बस अड्डे के पास से एक स्कूटी चोरी की थी। इसके अलावा करीब एक माह पहले रात के समय ई-रिक्शा में जा रहे एक व्यक्ति से अंबेडकर रोड स्थित युवा केंद्र के पास एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल लूटने की बात भी सामने आई है।
एसीपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी और लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सिहानी गेट थाने में वर्ष 2016 का चोरी का मुकदमा, नंदग्राम थाने में वर्ष 2023 में लूट और चोरी से संबंधित दो मुकदमे तथा वर्ष 2026 में मोबाइल लूट और स्कूटी चोरी के मामले शामिल हैं। फरार आरोपी समीर की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
Tags
गाजियाबाद