आलाकत्ल चाकू, तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; आरोपी समीर पर पहले से तीन मुकदमे दर्ज
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े हुए मुश्ताक हत्याकांड के फरार आरोपी को पुलिस ने 24 घन्टे बीतने से पहले ही मुठभेड़ में धर दबोचा है। आरोपी ने 20 रुपए ना मिलने पर मुश्ताक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा था। इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश था। वहीं पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच गुरुवार तड़के पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
शालीमार गार्डन एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार 19 अगस्त 2026 को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में चाकूबाजी की घटना हुई थी। इस दौरान 23 वर्षीय मुश्ताक निवासी विक्रम एन्क्लेव पर समीर उर्फ गट्टू निवासी सीमापुरी, दिल्ली ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मुश्ताक की उपचार के दौरान राजीव गांधी अस्पताल में मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
DAV कट पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग: एसीपी के मुताबिक, मुखबिर से आरोपी की क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने 20 अगस्त को DAV कट पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान DLF की तरफ से KTM मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने बाइक मोड़कर टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली की ओर तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो गली में पड़े कूड़े के ढेर से टकराकर मोटरसाइकिल गिर गई। पुलिस के अनुसार, बाइक से गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
चाकू और तमंचा समेत हथियार बरामद: पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और कमर में रखा चाकू बरामद किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चाकू को विक्रम एन्क्लेव में हुई घटना में इस्तेमाल करने की बात बताई है। इसके अलावा उसके पास से 700 रुपये और तंबाकू का पैकेट भी मिला। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे: पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें वर्ष 2023 में बलवा और हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा, अवैध गांजा बरामदगी के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा तथा वर्ष 2026 में हत्या का मुकदमा शामिल है। पुलिस ने वर्तमान मुठभेड़, हत्या में प्रयुक्त हथियार और चोरी के वाहन की बरामदगी के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद