विक्रम एन्क्लेव में बिजली का जर्जर पोल गिरने से मचा हड़कंप, दो परिवार बाल-बाल बचे

ट्रांसफार्मर से लगातार हो रहा तेल रिसाव, पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित, लोगों में नाराजगी

गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन के विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर क्षेत्र में गुरुवार को जर्जर विद्युत पोल और 11 केवी लाइन का डबल पोल ट्रांसफार्मर समेत सड़क पर गिर गया। तेज धमाके की आवाज के साथ हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पोल और ट्रांसफार्मर किसी व्यक्ति या वाहन पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्लॉट नंबर 50 और 51 में रहने वाले परिवार हादसे में बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्लॉट नंबर 48, 50 और 51 के सामने लगा 11 केवी का डबल पोल लंबे समय से जर्जर हालत में था। लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन पोल को बदलने की कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के बाद ट्रांसफार्मर सड़क पर गिरने के साथ विद्युत तारों के सहारे झूलता रहा। ट्रांसफार्मर से लगातार तेल का रिसाव भी होने की बात सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रही।
पार्षद ने अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप: वार्ड-37 के भाजपा पार्षद रवि भाटी ने आरोप लगाया कि विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर की व्यवस्था लंबे समय से खराब है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जर्जर और गल चुके बिजली के खंभों को बदलने के लिए जनता के साथ कई बार बिजलीघर के जेई परविंदर और एसडीओ भुवन कुमार वर्मा से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पार्षद के मुताबिक, जिस स्थान पर पोल गिरा है, वह विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में यदि समय रहते जर्जर पोल को बदल दिया जाता तो हादसे को टाला जा सकता था। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बिजलीघर की व्यवस्था पर भी उठे सवाल: स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी नियमित रूप से बिजलीघर पर उपलब्ध नहीं रहते। कुछ लोगों ने जेई और एसडीओ के फोन बंद होने की भी शिकायत की। हालांकि, हादसे की सूचना मिलने के बाद जेई परविंदर और एसडीओ भुवन कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति को सुरक्षित करने तथा क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया।
पोल और ट्रांसफार्मर गिरने के बाद विक्रम एन्क्लेव समेत आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों के घरों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में लगे सभी जर्जर विद्युत पोल और तारों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा दुर्घटना की आशंका वाले पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने