विक्रम एंक्लेव में तैनात विद्युत अवर अभियंता पर आखिर गिर ही गई गाज, हटाए गए

पार्षद रवि भाटी की शिकायत पर विक्रम एन्क्लेव बिजली घर के जेई प्रवेन्द्र का हुआ तबादला

गाजियाबाद।
वार्ड-37 में लगातार बिजली कटौती और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्षद रवि भाटी की ओर से की गई शिकायतों के बाद विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता (जेई) प्रवेन्द्र का तबादला कर दिया गया है। पार्षद ने इसे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार की दिशा में उठाया गया कदम बताया है।  बता दें कि बीते गुरूवार को ही विक्रम एंक्लेव में जर्जर विद्युत पोल ट्रांसफार्मर समेत गिर गया था, तब भी स्थानीय लोगों में अवर अभियंता के प्रति नाराजगी देखी गई थी। इसके अलावा बिजली कटौती से भी जनता असंतुष्ट थी।
पार्षद रवि भाटी के अनुसार, पिछले कई महीनों से विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई थी। कई इलाकों में बार-बार और कभी-कभी हर घंटे बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे थे। उन्होंने बताया कि छाबड़ा कॉलोनी, पप्पू कॉलोनी, बच्चा कॉलोनी, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, विक्रम एन्क्लेव एक्सटेंशन, शालीमार गार्डन मेन के ए और बी ब्लॉक, विक्रम एन्क्लेव, डीएलएफ तथा जवाहर पार्क समेत कई कॉलोनियों के निवासी बिजली कटौती से परेशान थे। 
जर्जर खंभे और लटकते तार भी बने परेशानी: पार्षद ने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी कई अन्य समस्याएं भी सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर बिजली के पुराने खंभे गल चुके हैं और टेढ़े होकर खड़े हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं, कई जगह ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं और बिजली के तार भी नीचे तक लटके हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है। जर्जर खंभों और लटकते तारों को समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। 
उच्च अधिकारियों से लगातार की शिकायत
: रवि भाटी के मुताबिक, विद्युत विभाग की समस्याओं को लेकर उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत की और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। लगातार शिकायतों और समस्या के समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बाद अब विक्रम एन्क्लेव बिजलीघर के जेई प्रवेन्द्र का तबादला किया गया है। पार्षद ने कहा कि केवल जेई का तबादला समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए जर्जर खंभों को बदलना, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त करना जरूरी है। 
जनता की समस्याओं पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: पार्षद रवि भाटी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाएगा और जहां भी जरूरी होगा, संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बिजली, सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वह आगे भी लगातार अधिकारियों के सामने आवाज उठाते रहेंगे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने