ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार शिक्षिका की मौत, स्कूल जाते समय हुआ हादसा

राजनगर-रोटरी गोल चक्कर मार्ग पर ओरम होटल के सामने हादसा; पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ा

गाजियाबाद।
नंदग्राम थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौत हो गई। हादसा राजनगर से रोटरी गोल चक्कर जाने वाले मार्ग पर ओरम होटल के सामने हुआ। मृतका की पहचान अमृता गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वह राजनगर एक्सटेंशन में अपने पति वरुण गुप्ता के साथ रहती थीं और दिल्ली के दुर्गापुरी स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में शिक्षिका थीं। 
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। अमृता स्कूटी से राजनगर की ओर से रोटरी गोल चक्कर की तरफ स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान वह एक ट्रक के बगल से गुजर रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक वह ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, नंदग्राम थाना पुलिस की टीम घटनास्थल से कुछ दूरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक राहगीर ने पुलिसकर्मियों को सड़क हादसे में महिला की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के साथ उसके चालक को भी पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक एक फर्म के नाम पर पंजीकृत है और उसका चालक बुलंदशहर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे से पहले और बाद की स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि दुर्घटना किसकी गलती से हुई। हादसे के बाद पुलिस ने अमृता गुप्ता के शव को कब्जे में लेकर जिला एमएमजी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। अस्पताल में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने