दो पिस्टल और स्कूटी बरामद, वारदात के दौरान स्कूटी चला रहा तीसरा आरोपी फरार
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के आनंद विहार इलाके में कैफे के बाहर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुख्य शूटर और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो पिस्टल और स्कूटी बरामद की है। वहीं गोलीबारी के दौरान स्कूटी चला रहे तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, 11 सितंबर की रात थाना आनंद विहार पुलिस को एक अस्पताल से दो युवकों के गोली लगने से घायल होने की सूचना मिली थी। घायलों की पहचान अशरफ और ईशान के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी वारदात के बाद दिल्ली से फरार होकर राजस्थान के अजमेर पहुंच गया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने अजमेर में दबिश देकर निजामाबाद निवासी अत्तू को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश में फायरिंग का आरोप: पुलिस पूछताछ में अत्तू ने कथित रूप से बताया कि उसकी घायलों के साथी समीर से किसी बात को लेकर कहासुनी और पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वह समीर को निशाना बनाने के इरादे से कैफे के बाहर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान समीर वहां से बचकर निकल गया, लेकिन गोलीबारी की चपेट में आने से उसके साथी अशरफ और ईशान घायल हो गए।@DCP_SHAHDARA
— Jitender Sharma (@Jitende70613014) September 15, 2026
आनंद विहार थाना इलाके में हाइपर क्लब के बाहर दो युवकों के गोली मारने के मामले में आनंद विहार थाने की पुलिस ने राजस्थान के अजमेर से addu को गिरफ्तार किया और महिला साथी भी पकड़ी गई। दो पिस्टल कारतूस बरामद तीन आरोपी गिरफ्तार @CPDelhi@HMOIndia@LtGovDelhi @PMOIndia pic.twitter.com/x0BfTHHS8w
प्रेमिका ने लोकेशन देने और छिपने में मदद की: जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी की प्रेमिका आफरीन की कथित भूमिका के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस का आरोप है कि आफरीन ने पीड़ितों की सटीक लोकेशन अत्तू तक पहुंचाई थी। इसके अलावा वारदात के बाद अत्तू को छिपने के लिए जगह उपलब्ध कराने में भी आफरीन द्वारा मदद किए जाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने आफरीन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो पिस्टल और स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।गोलीबारी के दौरान स्कूटी चला रहे तीसरे आरोपी मुजम्मिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी: डीसीपी के अनुसार, कार्रवाई थाना आनंद विहार के एसएचओ इंस्पेक्टर मनीष, इंस्पेक्टर आशीष और एटीएफ इंस्पेक्टर अर्जुन की टीम द्वारा की गई। पुलिस अब फरार आरोपी मुजम्मिल को गिरफ्तार करने के साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों, आरोपियों के आपसी संबंध और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।
Tags
दिल्ली