गाजियाबाद की टीम ने पटियाली में स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता अभियान आयोजित किया
कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गाजियाबाद की टीम ने जिला प्रशासन के समन्वय से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पटियाली में स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान छात्राओं को विभिन्न आपदाओं के समय सुरक्षित रहने और आपात स्थिति में त्वरित बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
सहायक उप निरीक्षक सत्यवान शर्मा के नेतृत्व में पहुंची एनडीआरएफ टीम ने छात्राओं को आपदा के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सुरक्षा तकनीकों का अभ्यास भी किया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को भूकंप आने की स्थिति में Drop-Cover-Hold तकनीक के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही सुरक्षित निकासी, अग्नि सुरक्षा और प्राथमिक उपचार के उपायों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
एनडीआरएफ टीम ने आपातकालीन चिकित्सा सहायता के तहत CPR (Cardiopulmonary Resuscitation), बेसिक लाइफ सपोर्ट और किसी व्यक्ति के गले में भोजन या अन्य वस्तु फंसने की स्थिति में Heimlich Manoeuvre Technique का प्रशिक्षण भी दिया। अभियान के दौरान छात्राओं को आकाशीय बिजली से बचाव और पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। एनडीआरएफ टीम ने Sachet App और Damini App की उपयोगिता बताते हुए छात्राओं को इनके माध्यम से मौसम एवं आकाशीय बिजली से संबंधित चेतावनियों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
आपदा के समय आत्मविश्वास से निर्णय लेने पर जोर: विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने एनडीआरएफ के इस जागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण से छात्राओं में आपदा की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और सही निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित होता है। एनडीआरएफ टीम ने छात्राओं को संदेश दिया कि आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए जागरूकता, पूर्व तैयारी और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। टीम ने छात्राओं से इन सुरक्षा उपायों की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया, ताकि आपात स्थिति में अधिक से अधिक लोग सुरक्षित रह सकें।
Tags
गाजियाबाद