टीला मोड थाना पुलिस ने अशोक वाटिका कट के पास से की आरोपी की गिरफ्तारी
गाजियाबाद। थाना टीला मोड़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद वसीम पुत्र इमामुद्दीन उर्फ पोद्द निवासी चांद मस्जिद के पास, पसौंडा, थाना टीला मोड़, गाजियाबाद ( उम्र करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को थाना टीला मोड़ में वादी ने तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि वसीम, तसलीम पुत्रगण पोद्द, अनस और अन्य लोगों ने एक राय होकर वादी के पुत्र साहिल के साथ मारपीट की और उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। चाकू के वार से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 109(1) BNS की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को थाना टीला मोड़ पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी मोहम्मद वसीम को अशोक वाटिका कट के सामने, चौकी क्षेत्र सिकंदरपुर, थाना टीला मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया। चाकू की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 8 सितंबर 2026 को वह अपने भाई तसलीम और दोस्तों के साथ सन मस्जिद के पास खड़ा था। इसी दौरान साहिल पुत्र नसीम वहां से गुजर रहा था। आरोपी के मुताबिक, साहिल के साथ उसकी पहले से कहासुनी थी, जिसे लेकर उसने साहिल पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, चाकू साहिल के गले पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ जमा होते देखकर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद