पीड़िता के पिता की शिकायत पर POCSO समेत गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ था मुकदमा
गाजियाबाद। थाना टीला मोड़ पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ईरफान पुत्र महबूब निवासी श्रीराम कॉलोनी फेस-2 बंथला टीला मोड़ गाजियाबाद (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना टीला मोड़ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ईरफान ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ कथित रूप से गलत काम किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसे इस घटना की जानकारी हुई और उसने आरोपी से इस संबंध में बात की तो ईरफान ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और कथित रूप से धमकाया। शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना टीला मोड़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 65(1), 115(2), 352, 351(2) BNS तथा धारा 5(L)(N)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना टीला मोड़ पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ईरफान को थाना क्षेत्र टीला मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद