लैंडक्राफ्ट सोसाइटी समेत दो स्थानों से बाइक चोरी का खुलासा, नशे की लत और खर्च पूरा करने के लिए चोरी करना कबूला
गाजियाबाद। थाना कविनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, दोनों स्प्लेंडर प्लस, बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में एक बाइक लैंडक्राफ्ट सोसाइटी से चोरी करने और दूसरी बाइक कविनगर क्षेत्र से करीब दो महीने पहले चोरी करने की बात स्वीकार की है।पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को संभल जिले के मजरा लहरानगल श्याम निवासी भूरे सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं 23 जुलाई 2026 को फर्रुखाबाद जिले के पिथनपुर निवासी रूपेश ने नीले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में कविनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने 20 सितंबर 2026 को मुखर्जी पार्क के पास औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी क्षेत्र से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन (19) पुत्र राजपाल, निवासी महरौली, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद, मूल निवासी हरदोई जिले के थाना पाली क्षेत्र और जितेंद्र उर्फ बट्टन (करीब 37 वर्ष) पुत्र धीर सिंह, निवासी महरौली, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक बाइक 17 सितंबर 2026 को लैंडक्राफ्ट सोसाइटी से चोरी की थी। दूसरी बरामद मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में इस बाइक को करीब दो महीने पहले मुखर्जी पार्क क्षेत्र से चोरी करने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत और खर्च पूरा करने के लिए चोरी करने की बात भी बताई तथा कथित तौर पर चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे।
Tags
गाजियाबाद