मलबे में 5-6 लोगों के दबे होने की शुरुआती सूचना से मचा हड़कंप, जांच में सभी मजदूर सुरक्षित मिले
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में रविवार सुबह निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती सूचना में मलबे के नीचे पांच से छह लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन मौके पर जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मलबे में कोई व्यक्ति फंसा नहीं है और हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:03 बजे अलीपुर थाना पुलिस को निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अलीपुर थाने का पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य के लिए चार एंबुलेंस, एक दमकल वाहन और डिजास्टर मैनेजमेंट की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर भेजी गई।लिंटर डालने के दौरान ढहा निर्माणाधीन हिस्सा: प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और हादसे के समय लिंटर डालने का काम किया जा रहा था। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लिंटर को सहारा देने के लिए लगाई गई बल्लियां खिसकने या गिरने के कारण निर्माणाधीन ढांचा अचानक ढह गया।हादसे के समय कई मजदूर निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और वहां मौजूद मजदूरों से भी जानकारी ली। जांच के बाद सभी मजदूरों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई।#Alipur: दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन गोदाम का हिस्सा ढहा; मलबे से 2 लोगों को सुरक्षित निकाला, बड़ा हादसा टला
— 𝐁𝐡𝐚𝐯𝐞𝐬𝐡 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐮𝐬𝐭𝐚𝐧𝐢 🇮🇳 (@nationalDivyang) September 20, 2026
➡ आउटर नॉर्थ जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधपुर इलाके में निर्माणाधीन गोदाम का लगभग 100 गज का ढांचा अचानक भरभराकर गिरा; सुबह 11:03 बजे पुलिस को मिली थी… pic.twitter.com/7bX0D5PO82
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। निर्माणाधीन इमारत के ढहने के वास्तविक कारणों के साथ-साथ निर्माण स्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रशासन और बचाव टीमों की त्वरित कार्रवाई के चलते मलबे में किसी व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को समय रहते दूर किया गया। डीसीपी आउटर नॉर्थ शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि अलीपुर में एक बिल्डिंग गिरने की सूचना के बाद पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे। घटना में कोई कैजुअलिटी नहीं हुई और मामले की जांच जारी है. मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस की ओर से घटना के कारणों और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Tags
दिल्ली