कासगंज के सोरोंजी में एनडीआरएफ जवानों ने चलाया स्वच्छता अभियान

 “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर किया श्रमदान, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

सोरोंजी, कासगंज।
“स्वच्छता में सहभागिता–स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संदेश के साथ 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ ) गाजियाबाद की टीम ने सोरोंजी में स्वच्छता अभियान चलाया। निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में जवानों ने “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत सोरोंजी बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया। अभियान के दौरान एनडीआरएफ जवानों ने बस स्टैंड, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। इसके साथ ही हैंडपंप के आसपास जमा गंदगी और कचरे को हटाकर पेयजल स्रोत के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। 
एनडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों को सार्वजनिक पेयजल स्रोतों की स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि हैंडपंप और अन्य सार्वजनिक पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल के लिए आवश्यक है। जवानों ने लोगों से हैंडपंप के आसपास कूड़ा-कचरा नहीं डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। अभियान के दौरान एनडीआरएफ जवानों ने आमजन से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में सहयोग करने का आह्वान किया। 
टीम ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। एनडीआरएफ  टीम ने लोगों से घर से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने की अपील की। टीम के अनुसार, जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से “स्वच्छ भारत–विकसित भारत” के संकल्प को गति दी जा सकती है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने