चार एसी समेत चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एटीएम से एसी चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन एसी इनडोर यूनिट, एक एसी आउटडोर यूनिट, एक एसी का लोहे का कवर, चोरी का एक इंडक्शन चूल्हा और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
शालीमार गार्डन एसीपी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, शालीमार गार्डन के एटीएम से दो एसी इनडोर यूनिट और एक एसी आउटडोर यूनिट चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर शालीमार गार्डन थाने में धारा 324(4)/303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने जांच शुरू की। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना और चेकिंग के दौरान 2 सितंबर 2026 को हुंडई कट के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान विक उर्फ विजय पुत्र गोपीचंद, निवासी बाबली, थाना बड़ौत, बागपत, हाल निवासी नंद नगरी, दिल्ली और राहुल पुत्र गोपीचंद उर्फ बालकिशन, निवासी गांव दाखड़े, थाना गंगानगर, मेरठ, हाल निवासी लोनी रोड, शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई।
एटीएम के अंदर जाकर एसी खोलता था आरोपी: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों मिलकर एटीएम से एसी चोरी करते थे और चोरी किए गए एसी को चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शालीमार गार्डन बिजलीघर के पास यूनियन बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के एटीएम से कुछ दिन पहले एसी चोरी किए थे। एसीपी के अनुसार, 29 अगस्त को एचडीएफसी बैंक के एटीएम से एक इनडोर एसी और एक्सिस बैंक के एटीएम से एक इनडोर एसी चोरी किया गया। 30 अगस्त को बिजलीघर के पास यूनियन बैंक के एटीएम से दो इनडोर एसी तथा 31 अगस्त को उसी बैंक के एटीएम से एक आउटडोर एसी चोरी किया गया। आरोपियों ने बताया कि वारदात के दौरान राहुल एटीएम के बाहर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखता था, जबकि विक उर्फ विजय एटीएम के अंदर जाकर एसी खोलता था।
घर में चोरी से मिला इंडक्शन चूल्हा भी बरामद: पूछताछ में आरोपियों ने बिजलीघर के पीछे स्थित एसटीटी में एक मकान का ताला तोड़कर ग्लास, कटोरी, चम्मच, इंडक्शन चूल्हा और कुछ रुपये चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों के मुताबिक चोरी का सामान उन्होंने राह चलते व्यक्ति को सस्ते दाम में बेच दिया था और मिली रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इसी चोरी से संबंधित इंडक्शन चूल्हा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद