गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम और वेव सिटी थाना पुलिस ने 24.85 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम में से 2 लाख 3 हजार 540 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसीपी वेवसिटी प्रियाश्री पाल के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को वेव सिटी थाना क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज, डासना के सामने दिल्ली-मेरठ रोड पर एक थार कार सवार व्यक्तियों से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 24 लाख 85 हजार रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में वेव सिटी थाने में मुकदमा संख्या 220/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के नेतृत्व में स्वाट टीम, अपराध शाखा, स्वाट टीम नगर जोन और वेव सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1 सितंबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शान पुत्र शमशाद, निवासी महलक, फलावदा मेरठ, अनस उर्फ चुहिया पुत्र सलीम उर्फ बाबू, निवासी श्याम नगर, लिसाड़ी गेट, मेरठ, सोनू उर्फ अरमान पुत्र फकरुद्दीन, निवासी श्याम नगर, ऊंचासद्दीक नगर, लिसाड़ी गेट, मेरठ और कामिल पुत्र नकील, निवासी नीलमणि कॉलोनी, अर्थला गाजियाबाद शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि मेरठ की एक कंपनी से नकदी दिल्ली ले जाई जाती है। इसके लिए आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर योजना बनाकर कई लोगों को शामिल किया। घटना वाले दिन स्कॉर्पियो से थार कार को ओवरटेक कर रोका गया और उसमें सवार लोगों से 24.85 लाख रुपये लूट लिए गए। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग वाहनों से विभिन्न स्थानों पर चले गए और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहे।
एसीपी के अनुसार, इस लूटकांड में कई अन्य बदमाश भी शामिल थे, जिनमें कुछ आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तार बदमाशों के पास से बरामद रकम लूट की हिस्सेदारी में बची हुई राशि है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ मेरठ जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट, रंगदारी और चोरी जैसे गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद