गाजियाबाद। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, संरक्षण और सुरक्षा के लिए संचालित ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत दुहाई स्थित आवासीय वृद्धाश्रम में सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम ‘ब्रिजिंग जेनरेशन’ (Bridging Generations) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाकर पीढ़ीगत दूरी को कम करना और सामाजिक संबंधों को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन एवं सिल्वर बेल्स स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रोजेक्ट कर्तव्य’ के तहत किया गया। इस दौरान सिल्वर बेल्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। बच्चों ने बुजुर्गों के जीवन अनुभव सुने और उनसे जीवन के महत्वपूर्ण सबक सीखे। बच्चों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताकर उन्हें स्नेह और सम्मान भी दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास किया गया। यह पहल ‘सेवा, सुरक्षा, समर्पण’ के मूलमंत्र पर आधारित ऑपरेशन सवेरा की भावना के अनुरूप रही। योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया जाता है कि पुलिस प्रशासन और समाज उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम में कमिश्नरेट गाजियाबाद की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद श्री अजीत सक्सेना के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिक सेल एवं थाना मधुबन बापूधाम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस टीम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया।
16.5 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत: पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन सवेरा के तहत उत्तर प्रदेश में अब तक 16.5 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हो चुके हैं। पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों की कुशल-क्षेम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थानों की बीट पुलिस द्वारा प्रत्येक तीन माह में कम से कम एक बार उनके घर जाकर हालचाल लिया जाता है। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों से ‘सवेरा’ योजना के तहत पंजीकरण कराने की अपील की है। पंजीकरण के लिए आपातकालीन सेवा नंबर 112, SrCitizenReg पोर्टल/मोबाइल एप्लीकेशन अथवा वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ की हेल्पलाइन +91 96433 03628 पर संपर्क किया जा सकता है।
Tags
गाजियाबाद