राजनगर एक्सटेंशन में पत्नी के परिजनों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार

आरोपी ने पूछताछ में ससुर के पैर पर गाड़ी चढ़ाने की बात कबूली

गाजियाबाद।
थाना नन्दग्राम पुलिस ने जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पारिवारिक विवाद के दौरान पत्नी के परिजनों के साथ मारपीट करने के साथ उनकी गाड़ी में टक्कर मारी और अपने ससुर के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी थी।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को नन्दग्राम थाना क्षेत्र की गुलमोहर गार्डनर, राजनगर एक्सटेंशन निवासी महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि आरोपी कपिल कौशिक और उसके पिता लक्ष्मण स्वरूप कौशिक ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि लक्ष्मण स्वरूप ने कपिल को मारपीट के लिए उकसाया, जिसके बाद कपिल ने महिला के साथ मारपीट की और उसे धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, जब महिला के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से बार-बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। आरोप है कि उसने गाड़ी में टक्कर मारने के बाद वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। सूचना के आधार पर थाना नन्दग्राम में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। 22 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कपिल कौशिक (करीब 38 वर्ष) को राजनगर एक्सटेंशन स्थित आशियाना चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी कपिल कौशिक ने बताया कि उसका अपनी पत्नी ललित शर्मा के साथ घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। 20 सितंबर को दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसके बाद उसकी पत्नी ने अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। आरोपी के अनुसार, जब उसकी पत्नी अपने परिवार वालों के साथ थाने जा रही थी, तब उसने अपनी पत्नी के भाई की गाड़ी में टक्कर मार दी तथा अपने ससुर के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी।

पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने