हथियार दिखाने, मारपीट कर साथियों को भगाने और घंटों कार में घुमाने का आरोप; पीड़ित ने सुरक्षा की लगाई गुहार
नई दिल्ली। आनंद विहार इलाके में एक अधिवक्ता को कथित रूप से जबरन कार में बैठाकर घंटों तक इधर-उधर घुमाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता रवि शर्मा की शिकायत पर थाना आनंद विहार पुलिस ने FIR संख्या 316/2026 दर्ज की है। पुलिस ने मामले में धारा 140(3)/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि FIR दर्ज होने के कई दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश के लिए लगातार टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे रवि शर्मा अपने कुछ दोस्तों के साथ आनंद विहार बस स्टैंड से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सोनू मेन्टल उर्फ शक्ति सचिन तोता ने उनकी कार के आगे स्कूटी रोक दी।शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन कार की पिछली सीट पर बैठाया गया और आरोपित खुद ड्राइविंग सीट पर बैठकर कार चलाने लगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपित ने कथित रूप से हथियार निकालकर उसे गियर के पास रख दिया और कार को GTB अस्पताल की ओर ले जाने लगा। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा मोटरसाइकिलों से कार का पीछा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि जब कार में मौजूद पीड़ित के दोस्तों ने वाहन रोकने के लिए कहा तो IHBAS के पास कार रोककर उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद पीड़ित के साथियों को वहां से भगा दिया गया और उसे अकेले कार में बैठाकर आगे ले जाया गया। पीड़ित के मुताबिक, रास्ते में एक महिला, तीन अन्य लोगों और एक छोटे बच्चे को भी कार में बैठाया गया। उसने घर जाने की इच्छा जताई, लेकिन आरोप है कि उसे कार से उतरने नहीं दिया गया। इसके बाद कार को नंद नगरी इलाके के आसपास कई घंटे तक घुमाए जाने का आरोप है।
साथी अधिवक्ता को इशारे से दी जानकारी: शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान आरोपित ने कुछ लोगों से फोन पर उसकी अधिवक्ता के रूप में बातचीत भी कराई। इसी दौरान पीड़ित ने कथित रूप से अपने साथी अधिवक्ता को इशारे के माध्यम से अपनी स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दिए जाने का दावा किया गया है। शिकायत के मुताबिक, नंद नगरी बस डिपो के पास कार की एक ऑटो से टक्कर हो गई। इसके बाद कार में मौजूद महिला द्वारा कथित रूप से ऑटो चालक के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान मौका पाकर शिकायतकर्ता कार से निकलकर भाग गया और नंद नगरी थाने पहुंचा। वहां उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली कार: पुलिस की कार्रवाई के अनुसार, शिकायतकर्ता की Maruti Suzuki X-Cross, ग्रे रंग, नंबर UP16CS 7871 की तलाश की गई। पुलिस को कार GTB शाहदरा स्थित अंबेडकर गेट के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। पुलिस ने कार को फर्द के माध्यम से अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस शिकायतकर्ता को उसके बताए घटनास्थलों पर लेकर गई। शिकायतकर्ता ने Road No. 72 पर Qotel Comfort IP Residency के सामने उस स्थान की पहचान की, जहां उसके अनुसार उसे कथित रूप से जबरन कार में बैठाया गया था।
प्रारंभिक जांच के बाद दर्ज हुई FIR: पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शिकायतकर्ता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर धारा 140(3)/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। FIR 8 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे दर्ज की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपित फोन कर शिकायत वापस लेने या पुलिस से शिकायत न करने के लिए दबाव बना रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गिरफ्तारी को लेकर पुलिस और पीड़ित पक्ष के दावे अलग: पीड़ित पक्ष का कहना है कि FIR दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगी। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Tags
दिल्ली
