शालीमार गार्डन पुलिस ने 8 वर्षीय बच्ची को ले जाने वाला मुख्य आरोपी भी दबोचा

बच्ची को महोबा से सकुशल बरामद कर एक आरोपी को जेल भेज चुकी है पुलिस

गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने पप्पू कालोनी से 8 वर्षीय बच्ची को अपने साथ ले जाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक दिन पहले ही महोबा में दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर किया था और मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब गिरफ्त में आया मुख्य आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता था।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को शालीमार गार्डन थाने में पप्पू कालोनी निवासी बच्ची के परिजनों ने लिखित शिकायत दी थी कि 16 सितंबर को उनकी 8 वर्षीय नाबालिग बेटी को गली नंबर-3 में ही रहने वाला आजाद अपने साथ ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 
जांच के दौरान मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी राजेंद्र यादव पुत्र गुमान सिंह यादव, निवासी ग्राम टोल सोयम, थाना चरखारी, जनपद महोबा, हाल निवासी शालीमार गार्डन, गाजियाबाद को 19 सितंबर 2026 को महोबा स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया था। वहीं, मामले में नामजद दूसरे मुख्य आरोपी आजाद पुत्र नौशाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। 20 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आजाद को नाला एक्सटेंशन प्रथम, शालीमार गार्डन गाजियाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई पूरी बात: पुलिस पूछताछ में आजाद ने बताया कि उसकी राजेंद्र यादव से अच्छी जान-पहचान थी। उसके अनुसार, उसने लालच में आकर 8 वर्षीय बच्ची को उसके घर से अपने साथ ले लिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने दोस्त राजेंद्र को सौंप दिया। इसके बाद राजेंद्र बच्ची को अपने साथ महोबा ले गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। बहरहाल, शालीमार गार्डन पुलिस ने जिस तत्परता से इस केस को सुलझाते हुए बच्ची की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की है  उसकी स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं, साथ ही बच्ची के परिजनों ने शालीमार गार्डन एसएचओ अवधेश त्रिपाठी और उनकी टीम का आभार जताया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने