अकबरपुर बहरामपुर में लोग बोले- मेयर और विधायक ने पूरी हिंडन नदी बेच दी,भाजपा कोई काम नहीं करा रही
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम के विकास कार्यों को लेकर शहर के लोगों की नाराजगी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें लोगों ने मेयर सुनीता दयाल का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। महिलाओं और पुरुषों ने मेयर के खिलाफ मुदार्बाद के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। लोगों ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। वीडियो में मेयर सुनीता दयाल के आसपास महिलाएं और पुरुष खड़े दिखाई दे रहे हैं। लोग अपनी नाराजगी जताते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान मेयर के खिलाफ मुदार्बाद के नारे लगाए जाते सुनाई दे रहे हैं। भाजपा के खिलाफ भी नारे लगाए गए। विरोध के बीच मेयर वहां से जाती हुई दिखाई देती हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेयर उनके वार्ड में कोई काम नहीं करा रही हैं। लोगों का कहना है कि वार्ड में विकास कार्य कराने के लिए निर्दलीय पार्षद को मेयर और नगर निगम अधिकारियों से लड़-झगड़कर काम कराना पड़ता है। लोगों ने इसी मुद्दे को लेकर मेयर के सामने नाराजगी जताई और विरोध किया। वीडियो में कुछ लोग भाजपा विधायक और नेताओं पर हिंडन नदी पर कब्जा कराने का आरोप भी लगाते सुनाई दे रहे हैं। लोगों की ओर से इस मुद्दे को लेकर भी नाराजगी जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि विरोध के बाद मेयर को वहां से वापस लौटना पड़ा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को अकबरपुर बहरामपुर वार्ड का बताया जा रहा है, जहां विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचीं महापौर को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में कोई विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद महापौर को बिना उद्घाटन किए ही वापस लौटना पड़ा।
महापौर ने तीन स्थानों पर सड़क सुधार कार्यों का किया शिलान्यास: शहर में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रविवार को महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस दौरान सड़क निर्माण के साथ साइड पटरी पर परफोरेटिड टाइल्स लगाने का कार्य भी किया जाएगा। वार्ड 77 में नवीन हॉस्पिटल मार्ग, महागुन मॉल के सामने वाली सड़क तथा यशोदा मार्ग और कलिग मार्ग के बीच वाली सड़क के डेंस द्वारा सुधार कार्य का शिलान्यास किया गया। इन सड़कों की साइड पटरी पर परफोरेटिड टाइल्स भी लगाई जाएंगी। इसके बाद वैशाली सेक्टर-3 एफ और रचना वैशाली में सड़कों के सुधार कार्य का शिलान्यास किया गया। यहां भी सड़क सुधार के साथ साइड पटरी पर परफोरेटिड टाइल्स लगाने का कार्य प्रस्तावित है। वार्ड 83 के श्यामपार्क एक्सटेंशन में जीटी रोड स्थित निझावन इलेक्ट्रॉनिक से पुलिस चौकी तक क्षतिग्रस्त सड़क के डेंस द्वारा सुधार कार्य का शिलान्यास किया गया। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को क्षतिग्रस्त सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Tags
गाजियाबाद