12 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
गाजियाबाद। राजेंद्र नगर स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर, साहिबाबाद के खिलाड़ियों ने 38वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय के अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्णिम सफलता दर्ज की।विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित यह क्षेत्रीय प्रतियोगिता बाबूगढ़, देहरादून में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के खो-खो अंडर-19 वर्ग में विद्यालय की 10 छात्राओं और 2 छात्रों सहित कुल 12 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही विद्यालय के सभी 12 खिलाड़ियों का चयन आगामी अखिल भारतीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश रघुवंशी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश राघव, प्रबंधक केशव कुमार तथा उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
Tags
गाजियाबाद
