दिल्ली पीजी हादसा: अवैध निर्माण पर आंखें मूंदने वाले तीन और इंजीनियर सस्पेंड

एमसीडी ने 41 भवन ध्वस्त किए और 61 संपत्तियां सील की

 नई दिल्ली।
 दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत ढहने के हादसे को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने तीन और इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। एमसीडी द्वारा जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि इन अधिकारियों पर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ कोई ठोस कदम न उठाने और जानबूझकर निष्क्रियता बरतने का आरोप है। इसके अलावा नगर निकाय की तरफ से यह भी जानकारी दी गई कि रविवार को हुए पीजी हादसे के बाद से अबतक 41 इमारतों को गिराया जा चुका है और अनधिकृत पाई गई 61 इमारतों को सील किया गया है।
गुरुवार को जारी अपने आदेश में एमसीडी ने बताया कि साउथ वेस्ट जोन जिसे पहले जफगढ़ जो के नाम से पहचाना जाता था, के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट इंजीनियर (एई) रविंदर कुमार को लागू नियमों के तहत सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा इसी डिपार्टमेंट और जोन में जूनियर इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले सुमन सौरभ और मोहित यादव को भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें कि इससे पहले पांच इंजीनियरों को इसी मामले में सस्पेंड किया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, सत्य निकेतन में हुए इस गंभीर हादसे के बाद प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा न जाए। अवैध निर्माण पर आंखें मूंदने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अनधिकृत निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ एमसीडी का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एमसीडी ने गुरुवार को सभी 12 जोनों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 41 संपत्तियों में ध्वस्तीकरण, जबकि 61 संपत्तियों को सील किया। इसके अलावा 32 कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ तीन संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश भी जारी किए गए। उसने बुधवार को 75 व मंगलवार को 31 संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
एमसीडी की कार्रवाई जारी:
एमसीडी के मुताबिक, कार्रवाई का दायरा केवल अनधिकृत निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि खतरनाक भवनों, संपत्तियों के दुरुपयोग और मास्टर प्लान दिल्ली (एमपीडी) और भवन उपविधियों के उल्लंघन को भी इसमें शामिल किया गया है। उसने ईस्ट जोन में खुरेजी खास, जगतपुरी और लक्ष्मी नगर में कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। वेस्ट जोन में पश्चिमपुरी और मादीपुर में पहली से तीसरी मंजिल तक रूफ पैनल काटे गए। सुभाष नगर में रूफ पैनल काटने के साथ चौथी मंजिल की छत पर बने टॉयलेट ब्लॉक को ध्वस्त किया गया। सोम बाजार रोड, विपिन गार्डन, उत्तम नगर में भूतल का रूफ पैनल तोड़ा गया। आकाश विहार, बक्करवाला रोड के पास एक संपत्ति को पूरी तरह ध्वस्त किया गया।  वहीं नंगली विहार में पहली मंजिल के रूफ पैनल और दो दीवारें और निहाल विहार, नांगलोई में चौथी मंजिल के दो स्लैब पैनल ध्वस्त किए गए। सेंट्रल जोन में मदनपुर खादर एक्सटेंशन स्थित जी+5 भवन पर भी कार्रवाई हुई। यहां पांचवीं मंजिल के चार पैनल काटने के बाद पूरी इमारत को सील कर दिया गया। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण, संपत्तियों के दुरुपयोग और खतरनाक संरचनाओं के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।




ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने