साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में डीएम ने सड़क से लेकर सफाई तक परखी व्यवस्था, बदहाली देख चढ़ा पारा

निरीक्षण में संबंधित विभागों के अफसर और इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ट्रांस हिंडन साहिबाबाद  केपदाधिकारी भी रहे शामिल, डीएम ने  कूड़ा हटाने और अधूरे काम जल्द पूरे करने के दिए सख्त निर्देश

गाजियाबाद।
साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र ट्रांस हिंडन-साहिबाबाद के विकास, सुधार और सुंदरीकरण को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने औद्योगिक संगठन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ट्रांस हिंडन साहिबाबाद और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और लंबित विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। 
निरीक्षण के दौरान यूपीएसआईडीए के डिप्टी जनरल मैनेजर सलिल यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप सत्यार्थी समेत विभागीय अभियंता मौजूद रहे। इसके अलावा उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन विभाग, पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे। इस अवसर पर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ट्रांस हिंडन साहिबाबाद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। संगठन के अध्यक्ष अशोक चौधरी, उपाध्यक्ष आरके शर्मा और दिलीप कुमार, वरिष्ठ महासचिव मनोज तोमर, प्रवेश चतुर्वेदी और सुनील कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 
औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं से कराया अवगत: 
निरीक्षण के दौरान यूपीएसआईडीए के डिप्टी जनरल मैनेजर ने जिलाधिकारी को साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में जलभराव, खराब सड़कें, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित लंबित विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किए जाएं। 
एमआरएफ सेंटर पर गंदगी देख जताई नाराजगी: इसके बाद जिलाधिकारी ने सौर ऊर्जा मार्ग स्थित नगर निगम के एमआरएफ सेंटर (साहिबाबाद रोडवेज बस डिपो के पास) का निरीक्षण किया। यहां कूड़े के ढेर और उससे उत्पन्न गंदगी एवं दुर्गंध के कारण आसपास की औद्योगिक इकाइयों तथा राहगीरों को हो रही परेशानी की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा मिला। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कूड़ा हटाने और परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या दूर हो सके। 
पार्क से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश: जिलाधिकारी ने यदु गैस एजेंसी के पास स्थित पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां अवैध कब्जे की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने सार्वजनिक उपयोग की जमीन और पार्कों को अतिक्रमण से मुक्त रखने पर जोर दिया। 
अधूरी सड़क और सूर्य नगर पुलिया का काम जल्द पूरा करने के निर्देश:
  
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधूरी सड़कों तथा सूर्य नगर पुलिया के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। खराब सड़कों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण से औद्योगिक संगठन को उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी में साइट-4 क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क, जलभराव, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान होगा तथा औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं सुंदरीकरण को गति मिलेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने