कूलर कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्ट्री में फैली आग, कोई जनहानि नहीं
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर कूलर के कूलिंग पैड बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही गाजियाबाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।चीफ फायर ऑफिसर सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे कोतवाली फायर स्टेशन क्षेत्र के बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट नंबर एफ-21 पर संचालित शांति एंटरप्राइजेज में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन, कमिश्नरेट गाजियाबाद से चार फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने देखा कि करीब 500 वर्ग मीटर के भूखंड पर बने अस्थायी टीन शेड में संचालित फैक्ट्री के पूरे हिस्से में आग फैल चुकी थी।
आठ फायर टेंडर ने संभाला मोर्चा: आग की स्थिति की जानकारी तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को दी गई। उनके निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से दो वाटर ब्राउजर और साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर भी मौके के लिए रवाना किए गए। आग की सूचना मिलने के बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया। उनके निर्देशन और पर्यवेक्षण में फायर सर्विस टीमों ने चारों दिशाओं से होज पाइप की लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दोपहर 2 बजे कुल आठ फायर टेंडर की मदद से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद भी किसी संभावित चिंगारी या दोबारा आग लगने की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी रखा गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं: चीफ फायर ऑफिसर के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान फायर सर्विस यूनिट की सहायता के लिए स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और नुकसान का जायजा ले रही है। शुरुआती तौर पर वेल्डिंग से निकली चिंगारी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी पक्की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही मिलेगी।
Tags
गाजियाबाद