जीडीए की ओएसडी कनिका कौशिक को लोक प्रशासन के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट

सोर्बोन इंटरनेशनल, फ्रांस ने प्रदान की मानद उपाधि; प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका

गाजियाबाद।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओएसडी कनिका कौशिक को लोक प्रशासन के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई है। यह मानद उपाधि सोर्बोन इंटरनेशनल, फ्रांस की ओर से प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई है। इस उपलब्धि के बाद उनके नाम के साथ ‘डॉक्टर’ की उपाधि जुड़ गई है।
दिल्ली की मूल निवासी कनिका कौशिक ने निजी क्षेत्र, शिक्षा और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया है। इसके बाद उन्होंने सरकारी सेवा में कदम रखा। उन्होंने 16 मार्च 2024 को जीडीए में कार्यभार ग्रहण किया था। 
अवैध निर्माण और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी जिम्मेदारी: जीडीए में शुरुआती कार्यकाल के दौरान उन्हें अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण कार्रवाई और भूमि अधिग्रहण से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। बाद में उन्हें वाणिज्यिक विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई। वर्तमान में वह जीडीए में ओएसडी के पद पर तैनात हैं। प्राधिकरण में जिम्मेदारी संभालने के दौरान उन्होंने अवैध निर्माण के खिलाफ की गई विभिन्न कार्रवाइयों में भूमिका निभाई। जून 2024 में जोन-1 के मोरटा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी और निर्माण के खिलाफ हुई ध्वस्तीकरण कार्रवाई का उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया था। 
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सक्रियता: 
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ कनिका कौशिक सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 2025 में महिला सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई है। यह सम्मान उन्हें मुख्यमंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से प्रदान किया गया था। 
शिक्षा और निजी क्षेत्र का अनुभव: कनिका कौशिक ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से मार्केटिंग एवं फाइनेंस में एमबीए, दिल्ली विश्वविद्यालय से बी0काॅम ऑनर्स तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से बी0एड. की शिक्षा प्राप्त की है। सरकारी सेवा में आने से पहले उन्होंने महिंद्रा एंड महिंद्रा में मार्केटिंग एसोसिएट के रूप में कार्य किया। इसके बाद वह सोफिया गर्ल्स स्कूल, मेरठ में शिक्षिका भी रहीं। लोक प्रशासन के क्षेत्र में मिली मानद डॉक्टरेट को उनके प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े करियर की एक नई उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
कनिका की संघर्ष से सफलता तक की कहानी: 
पति के निधन के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी संभालने वाली जीडीए ओएसडी डॉ. कनिका कौशिक ने मुश्किलों के बीच नई राह बनाई। वर्ष 2023 में उनके पति अयोध्या विकास प्राधिकरण में टाउन प्लानर के पद पर तैनात थे। एक दिन कार्यालय में अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही उनका निधन हो गया। उस समय बड़ी बेटी महज नौ साल की थी, जबकि जुड़वां बेटा और बेटी तीन साल के थे। पति के जाने के बाद कनिका के सामने बच्चों की परवरिश से लेकर उनके भविष्य तक की पूरी जिम्मेदारी आ गई। पति के निधन के बाद जिंदगी के सारे सपने जैसे बिखर गए थे, लेकिन बच्चों के भविष्य ने उन्हें दोबारा खड़े होने की ताकत दी। उन्होंने अपने दुख में टूटने के बजाय आगे बढ़ने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक अपनी बात पहुंचाई। इसके बाद 16 मार्च 2024 को उन्हें अपने पति के स्थान पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में ओएसडी की जिम्मेदारी मिली। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने